बॉलीवुड अभिनेताओं पर बागपत में ठगी का आरोप
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें बॉलीवुड के दो प्रसिद्ध अभिनेता — श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ — समेत कुल 22 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला द ल़ोनी अर्बन मल्टी-स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़ा है, जिस पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है।
शिकायत के अनुसार, सोसाइटी ने “कम समय में पैसा दोगुना” करने का लालच देकर सैकड़ों लोगों से लगभग ₹ 5 करोड़ जुटाए। आरोप है कि अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ इस सोसाइटी के ब्रांड एम्बेसडर थे और उन्होंने इसके प्रचार-प्रसार में हिस्सा लिया। प्रभावित निवेशकों का कहना है कि विज्ञापन देखकर उन्होंने पैसा लगाया, लेकिन बाद में कार्यालय बंद हो गया और रकम वापस नहीं मिली।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित दस्तावेज़ों को खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सोसाइटी कई राज्यों में निवेश योजनाएँ चलाती थी और पहले भी विवादों में रह चुकी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी निवेश से पहले संस्था की वैधता और सरकारी पंजीकरण की जांच जरूरी है, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
✍ रिपोर्टर – जयेश ठक्कर